रिपोर्टर – तरनदीप सिंह टुटेजा (ब्यावर)
वोट चोरी के मुद्दे पर 1 नवंबर को दिल्ली में होगी इंडिया गठबंधन की विशाल रैली
ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा पहुंचीं जयपुर, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में की प्रेस कॉन्फ्रेंस
ब्यावर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष इशिका जैन ने जिले से बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी का दिलाया भरोसा
ब्यावर। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली इंडिया गठबंधन की विशाल रैली में राजस्थान से महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा जयपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अलका लांबा ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली में होने वाली रैली में राजस्थान की महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस दौरान राजस्थान महिला कांग्रेस की ओर से उन्हें आश्वस्त किया गया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी।
इस पूरे दौरे के दौरान ब्यावर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष इशिका जैन भी अलका लांबा के साथ मौजूद रहीं। इशिका जैन ने प्रदेश एवं केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि ब्यावर जिले से भी बड़ी संख्या में महिलाएं दिल्ली रैली में शामिल होंगी।
इशिका जैन ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर महिला कांग्रेस लगातार सक्रिय है। ‘आधी आबादी, पूरा हक’ के नारे के साथ महिला कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में अपनी आवाज बुलंद करेगी और वोट चोरी के मुद्दे पर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली यह रैली महिलाओं की भागीदारी और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का अवसर होगी। ब्यावर जिले की महिला कांग्रेस कार्यकर्ता भी इस आयोजन में भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगी।


