भीलवाड़ा = पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा मुख्य सचिव के निर्देशानुसार आगामी ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के परिप्रेक्ष्य में जिले में 1 से 7 नवंबर 2026 तक ‘मिशन LIFE’ (Lifestyle for Environment) के अंतर्गत ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने आदेश जारी कर अभियान के सफल संचालन, अंतर-विभागीय समन्वय और रिपोर्टिंग हेतु उप वन संरक्षक एवं सदस्य सचिव, जिला पर्यावरण समिति को ‘जिला नोडल अधिकारी’ नियुक्त किया है।
इस साप्ताहिक अभियान के तहत मिशन LIFE की 7 प्रमुख थीमों पर आधारित विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
इसके तहत 1 नवंबर (रविवार) को ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ थीम के अंतर्गत उप वन संरक्षक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला आयुर्वेद अधिकारी के समन्वय से कार्यक्रम होंगे।
2 नवंबर (सोमवार) को ‘ऊर्जा बचाएं’ थीम पर अधीक्षण अभियन्ता, अजमेर विद्युत वितरण निगम लि. तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नोडल अधिकारी रहेंगे।
3 नवंबर (मंगलवार) को ‘जल बचाएं’ थीम के तहत अधीक्षण अभियन्ता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं अधीक्षण अभियन्ता, जल संसाधन विभाग / वाटरशेड सेल, जिला परिषद कार्य संभालेंगे।
4 नवंबर (बुधवार) को ‘सतत खाद्य प्रणाली अपनाएं’ थीम हेतु संयुक्त निदेशक, कृषि (विस्तार) विभाग और उप निदेशक, उद्यानिकी विभाग नोडल होंगे।
5 नवंबर (गुरुवार) को ‘सिंगल-यूज प्लास्टिक को ना कहें’ थीम के अंतर्गत आयुक्त, नगर निगम तथा क्षेत्रीय अधिकारी, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल कार्य करेंगे।
6 नवंबर (शुक्रवार) को ‘ई-कचरा कम करें’ थीम हेतु संयुक्त निदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग और क्षेत्रीय अधिकारी, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल नोडल अधिकारी रहेंगे।
इसके अतिरिक्त, 7 नवंबर (शनिवार) को ‘कचरा कम करें’ थीम के तहत मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, तथा आयुक्त, नगर निगम तथा सचिव नगर विकास न्यास द्वारा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
जिला कलेक्टर ने समस्त कार्यक्रमो को आदर्श आचार संहिता की पालना करते हुए आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान ब्लॉक स्तर पर संबंधित उपखण्ड अधिकारी नोडल अधिकारी रहेंगे। सभी आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, कैडेट्स और आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जिले में 1 से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक
Leave a comment
Leave a comment


