Ad imageAd image

पंचायतीराज आम चुनाव-2026: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने पहाड़ी क्षेत्र के 14 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण*
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने, फ्लैग मार्च और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

Mahesh Puri
3 Min Read

डीग /रिपोर्टर सुरेन्द्र सिंह
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष तथा जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने मंगलवार को पहाड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ा के दो मतदान केंद्रों, पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कठोल के चार बूथों, पंचायत घर कठोल के एक बूथ, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खेड़लानौआबाद के तीन बूथों तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोपालगढ़ के चार मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति तथा मतदान केंद्रों के अंदर, परिसर और बाहर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बिजली, पेयजल, प्रकाश, जनरेटर, बैरिकेडिंग तथा मतदान दलों की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों को पाबंद करने और चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के बाद पहाड़ी पुलिस थाने में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव की प्रक्रिया चल रही है तथा डीग जिले में तृतीय एवं चतुर्थ चरण में चुनाव संपन्न होंगे। तृतीय चरण में पहाड़ी, कामां एवं बृजनगर पंचायत समिति निर्वाचन क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के साथ सरपंच, उपसरपंच और वार्ड पंच के चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। प्रशासन एवं पुलिस निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने बताया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान उपखंड अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक की समन्वित कार्रवाई से की गई है। ऐसे मतदान केंद्रों पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिला पुलिस अधीक्षक ने थानाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे तत्वों को पाबंद करने और क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपखंड अधिकारी पहाड़ी एवं पुलिस उपाधीक्षक को नियमित फ्लैग मार्च आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कामां दिनेश यादव, उपखंड अधिकारी पहाड़ी जोगेंद्र गुर्जर, तहसीलदार धर्म सिंह, विकास अधिकारी विजय जैन सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!