Ad imageAd image

ईरांस में एक सप्ताह में दूसरी बड़ी चोरी, अमित धोबी के मकान को बनाया निशाना

जाली तोड़कर कमरे में घुसे चोर, पेटी तोड़कर ले गए लाखों के आभूषण व नकदी; लगातार वारदातों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश

Mahesh Puri
3 Min Read

भीलवाड़ा(बनेड़ा)
स्थानीय संवाददाता धर्मराज सुथार

रायला/ईरांस थाना क्षेत्र की ईरांस ग्राम पंचायत में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की घटना सामने आने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। बीती रात चोरों ने गांव निवासी अमित धोबी पुत्र रामनिवास धोबी के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 6 तोला सोना, 850 ग्राम चांदी और 60 हजार रुपये नकद चुरा लिए।

घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट की स्पेशल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

जाली तोड़कर मकान में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, चोर मकान की जाली तोड़कर कमरे में घुसे। इसके बाद पेटी को औजारों की मदद से तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी चोरी

पीड़ित के अनुसार, चोर मकान से सोने के 12 बड़े मुनिये, एक तोला वजनी लॉकेट, एक तोला वजनी कानों की झुमरिया, आधा तोला सोने के टॉप्स, आधा तोला वजनी मादलिया, एक तोला सोने का मादलिया रामनामी तथा आधा तोला सोने की हाथ की बीटी चुरा ले गए।

इसके अलावा चोर चांदी की दो जोड़ी पायजेब, 400 ग्राम चांदी, 250 ग्राम वजनी करगती और 60 हजार रुपये नकद भी ले गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान में कुल करीब 6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी शामिल है।

एक सप्ताह पहले नारायण जाट के मकान में हुई थी चोरी

गौरतलब है कि इससे पहले भी ईरांस गांव में नारायण जाट के मकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। उस दौरान चोर करीब 10 तोला सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण चुरा ले गए थे। अब एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी चोरी होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

चुनावी व्यस्तता के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि चुनावी गतिविधियों के बीच गांव में लगातार चोरी की वारदातें सामने आने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीण अपने घरों और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

दोनों चोरी की वारदातों का खुलासा करने की मांग

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से ईरांस गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा दोनों वारदातों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। लगातार हो रही चोरियों के चलते ग्रामीणों को अब पुलिस की प्रभावी कार्रवाई का इंतजार है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!