Ad imageAd image

ब्रजनगर में किसान खेत दिवस आयोजित, किसानों को सिखाईं आधुनिक खेती की तकनीकें

Mahesh Puri
2 Min Read

रिपोर्टर -: गिरिराज मीणा

कोटा। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, खेती की लागत कम करने और फसल उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम ब्रजनगर में किसान खेत दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं संस्था एनसीएचएसई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों, टिकाऊ खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कृषि पर्यवेक्षक ऋषिकेश मीणा ने किसानों को विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं, संतुलित उर्वरक उपयोग और मिट्टी की जांच के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मिट्टी की जरूरत के अनुसार खाद एवं उर्वरकों का उपयोग करने से खेती की लागत कम करने के साथ उत्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार किया जा सकता है।

वहीं, कृषि विशेषज्ञ अर्जुन नागर एवं सावन कुमार ने किसानों को धान की सीधी बुवाई (डीएसआर), जीरो टिलेज, बायोगैस, खेतों में तालाब निर्माण और फसल अमृत जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने पराली नहीं जलाने तथा मिट्टी, जल और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए किसानों को पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान डेमो प्लॉट एवं कंट्रोल प्लॉट के माध्यम से फसल उत्पादन का तुलनात्मक प्रदर्शन भी किया गया। इसके जरिए किसानों को आधुनिक तकनीकों के लाभ समझाए गए और कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

किसान खेत दिवस के माध्यम से किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों का समन्वय करने, कृषि संसाधनों का उचित उपयोग करने और टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने का संदेश दिया गया।
- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!