भीलवाड़ा = दीपावली पर्व से पहले आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिलावटखोरी और अवधिपार खाद्य सामग्री की बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाया। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार की गई कार्रवाई में रायला में करीब 240 किलोग्राम मिठाई, रसगुल्ले, नमकीन और चाशनी मौके पर ही नष्ट करवाई गई। वहीं, विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभागीय टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं, ताकि मिलावटी एवं अवधिपार खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
रायला में मिष्ठान भंडार का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रायला चौराहे स्थित मालवा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान मावा बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। साथ ही करीब 240 किलोग्राम मिठाई, रसगुल्ले, नमकीन एवं चाशनी मौके पर ही नष्ट करवाई गई। प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों को लेकर फर्म को नोटिस जारी किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान बनेड़ा ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बनवारी लाल यादव तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रैगर, विजय कुमार मेहता एवं अंकित शर्मा मौजूद रहे।
मांडल में भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने मांडल स्थित पटवारी सुपर बाजार का निरीक्षण किया। यहां मिर्च पाउडर का एक्ट में तथा हल्दी पाउडर का नॉन-एक्ट में नमूना लिया गया। इसके अलावा लड्डा किराणा स्टोर, मांडल से सरस घी का एक्ट में नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, संजय वर्मा एवं कुलदीप चौधरी मौजूद रहे।
खाद्य सामग्री खरीदते समय बरतें सावधानी
सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने आमजन से अपील की कि दीपावली पर मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि अवश्य जांचें। संदिग्ध अथवा अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



