भीलवाड़ा = शहर के पटेलनगर स्थित मानसरोवर झील में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। झील में नाव लेकर घूमने निकले 27 वर्षीय युवक की नाव अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गई। हादसे में युवक गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
झील के बीच में पलटी नाव
प्रताप नगर थाने के हेड कांस्टेबल गोविंद सिंह के अनुसार, न्यू पटेलनगर सेक्टर-9 निवासी शिवम सिंह राजपूत (27) पुत्र अनिल सिंह राजपूत शुक्रवार दोपहर मानसरोवर झील पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि झील किनारे खड़ी नाव में बैठकर वह उसे चलाते हुए पानी के बीच तक ले गए। इसी दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। इससे शिवम गहरे पानी में गिर गए।
जान बचाने के लिए करता रहा संघर्ष
नाव पलटने के बाद शिवम ने पानी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया। लेकिन झील के बीच में होने और किनारा दूर होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके। कुछ देर तक संघर्ष करने के बाद वह पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलने पर निलेश कुमार नाम का युवक मौके पर पहुंचा और पानी में उतरकर शिवम को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया
हादसे की सूचना मिलने पर प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी झील पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
दो महीने से घर नहीं गया था युवक
पुलिस के अनुसार, शिवम बेरोजगार था और पिछले करीब दो महीने से अपने घर भी नहीं गया था। हादसे के बाद एमजी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
मानसरोवर झील में नाव पलटने से 27 वर्षीय युवक की मौत
झील के बीचोंबीच पलटी नाव, जान बचाने के लिए करता रहा संघर्ष; एमजी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर जुटे परिजन और लोग
Leave a comment
Leave a comment


