डीएमएफटी फंड से स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में चल रहे विकास कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश
भीलवाड़ा। सरकारी विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने विभिन्न स्थानों पर चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। डीएमएफटी फंड से करवाए जा रहे इन निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, ए सेक्टर बापूनगर, राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय न्यू बापूनगर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रीको एरिया बिलिया, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय किशनावतों की खेड़ी तथा आंगनवाड़ी केंद्र किशनावतों की खेड़ी में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कक्षा-कक्षों, शौचालयों, हॉल सहित अन्य विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपयोगिता का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर
विधायक कोठारी ने कहा कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डीएमएफटी फंड से करवाए जा रहे निर्माण कार्यों का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरे किए जाने चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान गजेंद्र सिंह, पार्षद दिनेश सुथार, शिक्षाविद् विवेक निमावत, सत्यनारायण गुग्गड़ तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता साहिल शर्मा उपस्थित रहे।


