भीलवाड़ा = दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्रवाई की। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में दो डेयरियों से घी के नमूने तथा एक एजेंसी से कॉम्प्लान ब्रांड के मिल्क पाउडर का नमूना लिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जवाहर नगर स्थित देवनारायण डेयरी और श्रीराम डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से घी के नमूने लिए गए। निरीक्षण में दोनों डेयरियों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित संचालकों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।
इसी क्रम में टीम ने रतन एजेंसी से कॉम्प्लान ब्रांड के मिल्क पाउडर का नमूना भी लिया। विभाग की ओर से सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, नीरज कुमार मीणा, कुलदीप चौधरी, अंकित शर्मा, विजय मेहता एवं संजय वर्मा मौजूद रहे।
खाद्य पदार्थ खरीदते समय बरतें सावधानी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि अवश्य जांचें। संदिग्ध अथवा अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के फोन नंबर 01482-232643 पर दी जा सकती है।



