Ad imageAd image

भीलवाड़ा के उपनगर पुर में धूमधाम से मना दशहरा पर्व, धू-धू कर जला रावण का पुतला 🚩

Harshraj Singh Gour
2 Min Read

भीलवाड़ा (पुर) = (रिपोर्टर रतन लाल आचार्य) = भीलवाड़ा के उपनगर पुर में विजयादशमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। जगदीश चंद्र दरक मेमोरियल स्टेडियम में आयोजित भव्य दशहरा महोत्सव में रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

शस्त्र पूजन के बाद अखाड़ों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब।

कार्यक्रम की शुरुआत नीलकंठ महादेव व्यायामशाला, शिव व्यायामशाला और मंडी के बालाजी व्यायामशाला में विधि-विधान से शस्त्र पूजन के साथ हुई। इसके बाद अखाड़ों के पहलवानों ने नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेडियम तक प्रदर्शन किया। पहलवानों के शानदार करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

श्रीराम-रावण युद्ध का हुआ भव्य मंचन।

श्रीराम सेवा के तत्वावधान में प्रभु श्रीराम के बेवाण को शोभायात्रा के रूप में स्टेडियम लाया गया। यहां भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का आकर्षक मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह नजर आया।

निर्धारित समय शाम 6 बजकर 15 मिनट पर प्रभु श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। देखते ही देखते रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा और पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज गया।

रावण दहन ने बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया।

महाआरती के बाद निकला जुलूस।

रावण दहन के बाद स्टेडियम में महाआरती की गई। इसके पश्चात जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ बड़े मंदिर पहुंचा। रास्ते में श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम की आरती उतारकर स्वागत किया। बड़े मंदिर में आरती के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ।

पुलिस प्रशासन की रही चाक-चौबंद व्यवस्था।

दशहरा महोत्सव के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन में सभी समाजों के लोगों की भागीदारी ने आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

उपनगर पुर का यह दशहरा महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक बना।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!