भीलवाड़ा। अनुकम्पा स्काई सिटी क्लाउड्स, बिलिया सोसाइटी भीलवाड़ा में आयोजित चार दिवसीय गरबा महोत्सव एवं नवरात्रि पर्व का समापन हवन, महाआरती और प्रसादी वितरण के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक हुआ। आयोजन में सोसाइटी के निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और माता रानी की भक्ति में गरबा व डांडिया की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
महोत्सव के दौरान सामूहिक डांडिया के साथ स्टेच्यू गेम का आयोजन किया गया। वहीं, महिलाओं ने पारंपरिक घूमर नृत्य की विशेष प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी। चार दिनों तक आयोजित गरबा, डांडिया और विभिन्न प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आर्यावत स्कूल की ओर से प्रायोजित पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम से पूर्व सोसाइटी परिसर में माता रानी का ध्वज स्थापित किया गया। इसके बाद हवन एवं महाआरती का आयोजन हुआ और सभी ने सुख-समृद्धि की कामना की। सोसाइटी की ओर से कन्या पूजन कर कन्याओं का सम्मान किया गया तथा प्रसादी वितरित की गई।
कार्यक्रम का संचालन रमेश अरोड़ा एवं सूरज झा ने किया। चार दिवसीय आयोजन में श्रद्धा, उमंग और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सोसाइटी के निवासियों एवं कार्यकर्ता समूह का विशेष सहयोग रहा। अंत में कार्यकर्ता समूह ने सभी सहयोगकर्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए अभिनंदन किया।



