सांगोद = पंचायत समिति चुनाव के रण में सांगोद क्षेत्र में आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। क्षेत्र से आप प्रत्याशी कुशलपाल सिंह पानाहेड़ा और बृजबाला शर्मा के समर्थन में आयोजित विशाल आम सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। सभा में किसान नेता नरेश मीणा के पहुंचते ही माहौल पूरी तरह बदल गया और कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर जुबानी हमला बोला। वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से प्रह्लाद गुंजल का पक्ष रखते हुए कहा कि कोटा-बूंदी की राजनीति में बड़ा खेल चल रहा है। उन्होंने पूर्व यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कांग्रेस कोटा देहात जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह पर आपसी सांठगांठ का गंभीर आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस अंदरखाने मिले हुए हैं और दोनों ने मिलकर इस क्षेत्र के विकास को रोकने का काम किया है।
सभा में मौजूद नरेश मीणा ने कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है, अब डर और प्रलोभन की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि कुशलपाल सिंह पानाहेड़ा और बृजबाला शर्मा जैसे शिक्षित और संघर्षशील उम्मीदवार ही पंचायत समिति में आम लोगों की आवाज बन सकते हैं।
स्थानीय वक्ताओं ने कहा कि नरेश मीणा के आने से सांगोद पंचायत समिति क्षेत्र में चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं। युवा, किसान और महिलाओं में खासा उत्साह है। सभा में मौजूद भीड़ ने दोनों हाथ उठाकर दोनों प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने दावा किया कि इस बार सांगोद की जनता बदलाव के मूड में है और आम आदमी पार्टी के पक्ष में एकतरफा माहौल बन गया है। भाजपा-कांग्रेस के कुशासन से जनता ऊब चुकी है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग, युवा और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में प्रत्याशी कुशलपाल सिंह पानाहेड़ा ने सभी का आभार जताया।



