सांगोद = विजयादशमी पर देशभर में भगवान श्रीराम और रावण के प्रसंग का मंचन किया जाता है। कहीं राम का किरदार बदलता है तो कहीं अन्य पात्र, लेकिन सांगोद में रावण के किरदार की बात ही अलग है। नगर के पुराना बाजार निवासी एवं पेशे से अध्यापक रमेश चंद्र पंकज पिछले 27 वर्षों से लगातार दशहरे पर रावण की भूमिका निभाते आ रहे हैं। अपने शानदार अभिनय के चलते उन्होंने सांगोद में एक अलग पहचान बनाई है।
रमेश चंद्र पंकज का रावण के प्रति व्यक्तित्व, दमदार आवाज, प्रभावशाली संवाद अदायगी और अभिनय का अंदाज दर्शकों को आकर्षित करता है। वे खुद को इस किरदार में इस तरह ढाल लेते हैं कि मंच पर उनका अभिनय रावण के चरित्र को जीवंत कर देता है। दशहरा मैदान में राम-रावण संवाद के दौरान उनकी सटीक भाषा शैली और प्रभावशाली प्रस्तुति दर्शकों को खूब पसंद आती है।
27 साल से निभा रहे परंपरा
रामलीला में हर वर्ष राम और अन्य पात्रों की भूमिकाएं निभाने वाले कलाकार बदलते रहते हैं, लेकिन रमेश चंद्र पंकज के बिना रावण का किरदार अधूरा-सा लगता है। लगातार 27 वर्षों से इस भूमिका को निभाकर उन्होंने अपनी कला और समर्पण का परिचय दिया है। उनके परिवार, बच्चों और मित्रों को भी उनके इस अभिनय पर गर्व है।
अध्यापन के पेशे के साथ अभिनय के प्रति उनका जुनून उन्हें खास बनाता है। दशहरे के अवसर पर रावण के रूप में मंच पर उतरने वाले रमेश चंद्र पंकज सांगोद की रामलीला की एक विशिष्ट पहचान बन चुके हैं।
27 साल से दशानन का किरदार निभा रहे रमेश चंद्र पंकज
सांगोद की रामलीला में रावण के अभिनय से बनाई खास पहचान, दमदार आवाज और संवाद शैली के दर्शक कायल
Leave a comment
Leave a comment


