भीलवाड़ा = नवरात्रि के पावन पर्व पर अनुकम्पा स्काई सिटी क्लाउड्स, बिलिया सोसाइटी में गरबा नाइट का उल्लास चरम पर है। रविवार को गरबा महोत्सव के तृतीय दिवस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शानदार डांडिया प्रस्तुतियों और मनमोहक नृत्य प्रदर्शनों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। पूरी कॉलोनी भक्तिमय माहौल, आकर्षक रोशनी और सुंदर सजावट से जगमगा उठी। बच्चों से लेकर महिलाओं और पुरुषों तक, हर आयु वर्ग के लोगों ने सामूहिक महारास, डांडिया और गरबा में भाग लेकर उत्सव की रौनक बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक संगीत की धुनों पर थिरकते प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विशेष रूप से महिला वर्ग ने डांडिया के साथ पारंपरिक राजस्थानी घूमर नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। राजस्थानी संस्कृति की झलक और पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। सामूहिक गरबा और डांडिया के दौरान कॉलोनीवासियों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और नवरात्रि के उत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया।
विशेष अतिथियों का किया स्वागत-अभिनंदन
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के रीजनल मैनेजर श्री दीपेंद्र जी अपने परिवार सहित तथा श्री पवन जी वर्मा अपने परिवार के साथ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सोसाइटी की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
सोमवार को होगा समापन समारोह
कॉलोनीवासियों के उत्साह और उमंग को देखते हुए गरबा नाइट का आयोजन सोमवार को भी जारी रहेगा। सोमवार को पारितोषिक वितरण समारोह के साथ हवन एवं सामूहिक प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर कॉलोनीवासियों में विशेष उत्साह बना हुआ है।
सुबह-शाम आरती और सप्तशती पाठ से भक्तिमय वातावरण
नवरात्रि के दौरान सोसाइटी में प्रतिदिन सुबह और शाम आरती के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संगम ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया है। गरबा नाइट के माध्यम से कॉलोनीवासी न केवल मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और राजस्थानी संस्कृति की परंपराओं को भी सहेज रहे हैं।



