गुलाबपुरा/भीलवाड़ा = दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत गुलाबपुरा में खाद्य सामग्री की जांच और कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा की मौजूदगी में गुलाबपुरा स्थित कृष्णा किराना स्टोर पर कार्रवाई की गई। वहीं, जैन बीकानेर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित गोदाम से भारी मात्रा में अवधीपार खाद्य सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई। विभागीय कार्रवाई के दौरान करीब 500 किलोग्राम अवधीपार खाद्य सामग्री नष्ट की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धनिया पाउडर और केसर बाटी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट और गुणवत्ता से जुड़े मामलों पर विभाग की निगरानी बढ़ाई जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य कारोबारियों को निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। किसी भी प्रकार की मिलावट या खराब खाद्य सामग्री की आशंका होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।



