Ad imageAd image

शाहपुरा कॉलेज में नेत्र जांच शिविर, विद्यार्थियों को नेत्रदान के प्रति किया जागरूक

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

शाहपुरा = श्री प्रताप सिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में राजस्थान राज्य महिला नीति के तहत नेत्र जांच शिविर एवं नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. पुष्कर राज मीणा ने की।
शिविर में जिला चिकित्सालय शाहपुरा की टीम ने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के कार्मिकों की नेत्र जांच की। इस दौरान आंखों की नियमित देखभाल, दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।
नेत्र सहायक चिकित्सक पुण्यप्रकाश सोनी ने कहा कि आंखें जीवन का महत्वपूर्ण अंग हैं। स्वस्थ दृष्टि बनाए रखने के लिए नियमित नेत्र परीक्षण और उचित देखभाल आवश्यक है। उन्होंने नेत्रदान की प्रक्रिया, इसकी आवश्यकता एवं महत्व के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इसके प्रति जागरूक किया।
वरिष्ठ संकाय सदस्य रामावतार मीणा ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मृत्यु के बाद नेत्रदान के माध्यम से किसी दृष्टिबाधित व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में नेत्रदान को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. पुष्कर राज मीणा ने कहा कि नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी है। समय-समय पर आंखों की जांच कराने से दृष्टि संबंधी समस्याओं का शुरुआती अवस्था में पता लगाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नेत्रदान के महत्व को समझने तथा अपने परिवार और समाज में भी इसका संदेश पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन महिला प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. ऋचा आंगिरा ने किया। उन्होंने छात्राओं को कार्यक्रम का लाभ उठाने तथा नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य, कार्मिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!