Ad imageAd image

डॉ. कलाम के जीवन से सभी लें प्रेरणा : विधायक कोठारी

समाचार पत्र वितरक दिवस पर वितरकों को दी शुभकामनाएं, साहित्य भेंट कर किया सम्मान

Dev Karan Mali
3 Min Read

भीलवाड़ा = भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर गुरुवार को भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने विधायक कार्यालय में उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर 15 अक्टूबर को मनाए जाने वाले समाचार पत्र वितरक दिवस पर वितरकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके परिश्रम, समर्पण और समाज के प्रति योगदान की सराहना की गई।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन सादगी, संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल है। साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और राष्ट्रसेवा से विश्वभर में भारत का गौरव बढ़ाया। देश के मिसाइल कार्यक्रम में उनके महत्वपूर्ण योगदान के कारण उन्हें ‘मिसाइल मैन’ के नाम से जाना जाता है। उनका जीवन युवाओं को बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का व्यक्तित्व सिखाता है कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। ईमानदारी, लगन और कर्तव्यनिष्ठा ही व्यक्ति को महान बनाती है। इसी भावना के अनुरूप समाचार पत्र वितरक विपरीत परिस्थितियों में भी सुबह-सुबह घर-घर समाचार पत्र पहुंचाकर लोगों को देश-दुनिया की घटनाओं, ज्ञान और विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

कोठारी ने कहा कि समाचार पत्र वितरक समाज में जागरूकता फैलाने वाली मजबूत कड़ी हैं। उनकी मेहनत से हजारों घरों की सुबह समाचारों के साथ होती है। उन्होंने सभी वितरकों के परिश्रम, समर्पण और स्वाभिमान को नमन करते हुए डॉ. कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन विधायक कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक ने किया। इस दौरान समाचार पत्र वितरक संघ के अध्यक्ष अशोक खोईवाल सहित राजा राम जैन, भेरू लाल सिखवाल, रामेश्वर प्रजापत, किशोर लखवानी, घनश्याम तेली एवं कमलेश वैष्णव को साहित्य भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भगवान सिंह चौहान, पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश जीनगर, पार्षद प्रतिनिधि बहादुर सिंह, कमल कोठारी, विनोद मीणा, रचित रांका, गजेंद्र सिंह राठौड़, दिलीप सोनी, चेतन मानसिंहका, पृथ्वीराज सिंह, प्रिंस जैन एवं अजय पाराशर उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!