भीलवाड़ा = शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर भीलवाड़ा के एफ सेक्टर, वार्ड नंबर 26 स्थित हरणी कला पंचवटी गरबा स्थल पर श्री श्री 108 श्री चामुंडा माता गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस पर संतों के सानिध्य में विधि-विधान से माता रानी की आरती कर महोत्सव की शुरुआत की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में छोटी हरणी आश्रम, हनुमान टेकरी से पधारे परम पूज्य श्री श्री 108 बनवारी शरण जी काठिया बाबा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, मनसा पूर्ण बालाजी एवं द्वारकाधीश मंदिर के पुजारी जितेंद्र जी शास्त्री विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने माता रानी की आरती कर गरबा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करवाया।
इस अवसर पर वार्ड नंबर 26 के पार्षद शंकर लाल जाट, समाजसेवी मनोहर लाल वैष्णव, चेतन लाल सालवी, नारायण लाल सालवी, देवनारायण डूंगरी के पुजारी, किशन गाडरी, रामेश्वर जी गाडरी सहित एफ सेक्टर के अनेक वरिष्ठजन मौजूद रहे।
पारंपरिक गरबा प्रस्तुतियों ने मोहा मन
महोत्सव के पहले दिन गरबा पांडाल में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और संगीत की धुन पर महिलाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में गरबा नृत्य कर माता रानी की आराधना की। वहीं, छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा देर रात तक गरबा नृत्य का दौर जारी रहा।
आयोजकों के अनुसार, श्री चामुंडा माता गरबा महोत्सव पूरे नवरात्र तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन माता रानी की आरती के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में नवरात्र की भक्ति और उल्लास का माहौल बन गया।



