गुरला = गुरला क्षेत्र के टीलो का खेड़ा गांव में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब लक्ष्मण लाल जाट के नोहरे में बने पानी के टांके में एक जहरीला कोबरा सांप देखा गया। परिवार ने पानी भरने के लिए टांका खोला तो अंदर काले रंग का बड़ा कोबरा फुफकार रहा था। घर में बच्चों में डर फैल गया और तुरंत वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सेंटर के सचिव कुलदीप सिंह राणावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना किसी को नुकसान पहुंचाए, विशेष उपकरणों से करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद 5 फीट लंबे कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद सांप को वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। ग्रामीणों को किया जागरूक: कुलदीप सिंह राणावत ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर ठंडी और पानी वाली जगहों पर आ जाते हैं। ऐसे में उन्हें मारना नहीं चाहिए, बल्कि एक्सपर्ट को सूचना देनी चाहिए। कोबरा बहुत जहरीला होता है, लेकिन छेड़ने पर ही हमला करता है।उन्होंने घर वालों को भयमुक्त किया और सांप दिखने पर क्या करें, क्या न करें, इसकी जानकारी दी।
*मतदान की अपील* इस दौरान राणावत ने लोकतंत्र के इस पर्व पर सभी ग्रामीणों से अपील की कि सांपों के संरक्षण के साथ-साथ देश के संरक्षण के लिए भी वोट जरूर करें। एक वोट – जंगल और लोकतंत्र दोनों को मजबूत करेगा का संदेश दिया। ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीम का आभार जताया। इस दौरान लक्ष्मण लाल जाट, गांव के कई युवा और महिलाएं मौजूद रहीं।



