भीलवाड़ा। पंचायत पुनर्गठन को लेकर कुराछो का खेड़ा गांव में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव को नजदीकी रूपपुरा पंचायत से हटाकर करीब 9 किलोमीटर दूर बागमाली पंचायत में शामिल किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने आगामी पंच-सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी दी है। ग्रामीणों की स्पष्ट मांग है कि गांव को वापस रूपपुरा पंचायत में शामिल किया जाए।
चारभुजा मंदिर परिसर में हुई ग्रामीणों की चौपाल
इस मुद्दे को लेकर बुधवार देर शाम भगवान चारभुजा मंदिर परिसर में ग्रामीणों की चौपाल आयोजित हुई। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पंचायत पुनर्गठन के फैसले पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर निर्णय लिया कि जब तक गांव को वापस रूपपुरा पंचायत में शामिल नहीं किया जाता, तब तक वे आगामी चुनावों में मतदान नहीं करेंगे।
आधा किलोमीटर की जगह तय करना पड़ेगा 9 किलोमीटर का सफर
ग्रामीणों के अनुसार, कुराछो का खेड़ा पहले रूपपुरा पंचायत के अंतर्गत आता था, जो गांव से महज आधा किलोमीटर दूर है। अब बागमाली पंचायत में शामिल किए जाने से पंचायत संबंधी कार्यों के लिए ग्रामीणों को करीब 9 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे समय और आने-जाने का खर्च बढ़ने के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को परेशानी होने की आशंका है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब नजदीक ही रूपपुरा पंचायत मौजूद है, तो गांव को इतनी दूर स्थित पंचायत में शामिल करने की जरूरत क्यों पड़ी? उनका कहना है कि पंचायत पुनर्गठन में स्थानीय परिस्थितियों, दूरी और आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
विधायक और जिला कलेक्टर तक पहुंचाई मांग
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने गांव को वापस रूपपुरा पंचायत में शामिल करने की मांग क्षेत्रीय विधायक, जिला कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई है। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी मांग पर अब तक समाधान नहीं हुआ है। इसी से नाराज होकर उन्होंने सामूहिक विरोध का निर्णय लिया।
चुनाव बहिष्कार की चेतावनी से बढ़ी चर्चा
चौपाल में ग्रामीणों ने पंच-सरपंच से लेकर पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों तक मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांग पूरी होने तक विरोध जारी रहेगा।
अब प्रशासन के निर्णय पर निगाहें: कुराछो का खेड़ा के ग्रामीणों की प्रमुख मांग गांव को पुनः रूपपुरा पंचायत में शामिल करने की है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की आपत्तियों पर क्या कार्रवाई करता है और पंचायत पुनर्गठन के फैसले पर पुनर्विचार किया जाता है या नहीं।
बड़ी खबर: पंचायत बदली तो ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार का ऐलान!
आधा किलोमीटर दूर रूपपुरा छोड़ 9 किलोमीटर दूर बागमाली में जोड़ने पर विरोध, पंचायत पुनर्गठन के फैसले पर ग्रामीणों में नाराजगी
Leave a comment
Leave a comment


