Ad imageAd image

राम नाम की साधना से काम और क्रोध पर पाया जा सकता है विजय: आचार्य रामदयालजी महाराज

जीवन में वासना का अंत हुए बिना सुख-शांति संभव नहीं; माणिक्यनगर रामद्वारा धाम में चातुर्मासिक सत्संग में उमड़े श्रद्धालु

Dev Karan Mali
5 Min Read

भीलवाड़ा = माणिक्यनगर रामद्वारा धाम में आयोजित ‘विश्व शांति कल्याण’ चातुर्मास के अंतर्गत दैनिक सत्संग में अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय, शाहपुरा के पीठाधीश्वर जगद्गुरु आचार्य स्वामी श्री रामदयालजी महाराज ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन, इंद्रिय संयम और पारिवारिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राम नाम की प्रबल साधना से पांचों इंद्रियों को नियंत्रित किया जा सकता है। योगेश्वर श्रीकृष्ण ने काम और क्रोध को मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु बताया है। इन पर विजय प्राप्त करने का मार्ग भी नाम-साधना और आत्मसंयम से होकर गुजरता है।

आचार्यश्री ने कहा कि जिस व्यक्ति पर राम गुरु की कृपा हो जाती है, वह अंतःसाधना के माध्यम से अपने जीवन को धन्य बना सकता है। काम और क्रोध जैसे विकारों पर नियंत्रण पाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को संयम की अद्भुत शिक्षा दी थी। मनुष्य साधना के माध्यम से ही इन आंतरिक शत्रुओं पर विजय प्राप्त कर सकता है।

भाईचारे और पारिवारिक एकता बनाए रखने का आह्वान

आचार्य रामदयालजी महाराज ने परिवार में भाई-भाई के बीच प्रेम और स्नेह बनाए रखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि आपसी एकता के अभाव में व्यक्ति को बड़ी हानि उठानी पड़ सकती है। उन्होंने रावण और महाराणा प्रताप के जीवन से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि अज्ञान, अहंकार और धन के प्रति अत्यधिक मोह परिवार, समाज और राष्ट्र में विषाद, विरोध तथा विद्रोह का कारण बन सकते हैं। इन्हीं कारणों से कई बार रक्त संबंध भी संघर्ष में बदल जाते हैं।

उन्होंने कहा कि संसार में वासना के अनेक रूप हैं, जिनसे बचना कठिन हो सकता है, लेकिन परमात्मा के नाम का स्मरण और नियमित साधना मनुष्य को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। मानव जीवन को सार्थक बनाने के लिए काम और क्रोध जैसे विकारों पर नियंत्रण आवश्यक है।

श्रद्धा और भक्ति से मिलेगा मन को सुकून

आचार्यश्री ने कहा कि जीवन में वासना का अंत हुए बिना वास्तविक सुख-शांति की प्राप्ति संभव नहीं है। इसके लिए मनुष्य को विवेकशील बनना होगा। जब व्यक्ति सही समझ विकसित कर लेता है, तो अनेक समस्याओं का समाधान स्वयं मिलने लगता है।

उन्होंने श्राद्ध पक्ष की समाप्ति और नवरात्रि के आगमन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समय श्रद्धा, आस्था और आराधना का है। इस दौरान श्रद्धालु अपनी-अपनी मान्यताओं के अनुसार माता रानी की पूजा-अर्चना करेंगे। शक्ति के उपासक मां दुर्गा की आराधना करेंगे, वहीं अनेक श्रद्धालु गरबा के माध्यम से भी माता की भक्ति करेंगे।

संत मनोरथरामजी ने किया मानस प्रवचन

दैनिक सत्संग से पूर्व अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के प्रखर वक्ता संत मनोरथरामजी आलोट ने मानस प्रवचन किया। प्रवचन के समापन पर श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री रामदयालजी महाराज की आरती की। सत्संग में भीलवाड़ा सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रामद्वारा धाम में प्रतिदिन सुबह 8:30 से 9 बजे तक रामधुनी के साथ वाणीजी का पाठ किया जा रहा है। इसके बाद सुबह 9 बजे से दैनिक सत्संग आयोजित होता है। सूर्यास्त के समय संध्या आरती तथा रामस्नेही संप्रदाय के युवा संत रामजस ईडर द्वारा भक्तमाल की कथा का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

सामूहिक वाणीजी पाठ में शामिल श्रद्धालुओं को दिया साधुवाद

आचार्य रामदयालजी महाराज ने रामद्वारा धाम में 27 सितंबर से 8 अक्टूबर तक महाप्रभु स्वामी रामचरणजी महाराज द्वारा रचित अनुभव वाणीजी के सामूहिक पाठ में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को साधुवाद दिया।

उन्होंने कहा कि वाणीजी को पूरी तरह नहीं समझ पाने वाले श्रद्धालु भी इसके पाठ और दर्शन से आध्यात्मिक रूप से लाभान्वित हुए। इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वामी रामचरणजी महाराज के आत्मोपदेश और विभिन्न आध्यात्मिक विषयों पर चिंतन करने का अवसर मिला।

आचार्यश्री ने बताया कि भीलवाड़ा के रामद्वारा धाम नहीं पहुंच पाने वाले अनेक श्रद्धालुओं ने अपने शहरों, गांवों के रामद्वारों तथा अपने घरों में रहकर भी वाणीजी का पाठ किया और श्रद्धा व आस्था के इस महायज्ञ में सहभागिता निभाई।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!