Ad imageAd image

दो मासूमों की मौत पर फूटा आक्रोश, 18 घंटे धरना; समझाइश के बाद बनी सहमति

Dev Karan Mali
4 Min Read

भीलवाड़ा। मालीखेड़ा क्षेत्र से 4 अक्टूबर को लापता हुए दो मासूम बच्चों दिव्यांश सोनी (10) और रजत जाट (10) के शव मंगलवार शाम पालड़ी के पास कोठारी नदी किनारे मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चों की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर तलाश में लापरवाही का आरोप लगाते हुए महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 18 घंटे तक चले धरने के बाद बुधवार को प्रशासन और पुलिस की समझाइश से परिजनों की मांगों पर सहमति बनी और धरना समाप्त किया गया।

दिव्यांश सोनी / रजत जाट



दो दिन से लापता थे मासूम

जानकारी के अनुसार दिव्यांश सोनी और रजत जाट 4 अक्टूबर को घर से खेलने के लिए निकले थे। देर शाम तक दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस की ओर से अलग-अलग टीमें गठित कर बच्चों की तलाश शुरू की गई।

मंगलवार शाम करीब 5 बजे सुभाषनगर थाना क्षेत्र के पालड़ी के निकट खदान/कोठारी नदी किनारे दोनों बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शवों को बाहर निकलवाकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

दोनों बच्चों के शव मिलने की खबर के बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मोर्चरी के बाहर जमा हो गए। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बच्चों की तलाश में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई। उनका कहना था कि निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिलने तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे और शव नहीं लेंगे।

धरने के चलते मोर्चरी के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कई बार परिजनों से समझाइश का प्रयास किया।

पोस्टमार्टम कमरे से परिजनों को दी गई बॉडी

पोस्टमार्टम में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि

पोस्टमार्टम के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई। शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले। प्रारंभिक जानकारी में किसी तरह की मारपीट या संघर्ष के स्पष्ट संकेत भी सामने नहीं आए। शरीर पर मिले हल्के खरोंच के निशान पानी में डूबने के दौरान लगे होने की संभावना जताई गई।

- Advertisement -
Ad imageAd image



पुलिस बोली—तलाश में नहीं रखी कोई कमी

भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीमों ने विभिन्न संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश की और लगातार प्रयास किए।

वहीं, परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग रखी।



18 घंटे बाद टूटा गतिरोध, मांगों पर बनी सहमति

करीब 18 घंटे तक चले धरने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से मुआवजा दिलाने और मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद सहमति बनी। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करवाई।

पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद पंचमुखी मोक्ष धाम  दोनों मासूमों का अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों की दो टूक—जांच निष्पक्ष हो, दोषियों पर कार्रवाई हो

परिजनों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका तय की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी रखी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मुर्दाघर के बाहर लोगों की भीड़
- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!