Ad imageAd image

आधी रात को जागता है पूरा शाहपुरा! घास भैरू की रहस्यमयी सवारी में पत्थर खींचने उमड़ता है जनसैलाब

Awaaz Rajasthan
4 Min Read

शाहपुरा (राजस्थान)। दीपावली के बाद अन्नकूट की मध्यरात्रि… सड़कों पर ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी की चमक और एक विशाल पत्थर को खींचने के लिए जुटे सैकड़ों युवाओं का जोश। यह नजारा शाहपुरा की उस अनूठी परंपरा का है, जिसे देखने के लिए पूरा शहर रातभर जागता है। लोकदेवता घास भैरू की यह सवारी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शाहपुरा की सदियों पुरानी लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की पहचान है।

अन्नकूट की रात रावला घाट स्थित घास भैरू के स्थान पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सवारी रवाना हुई। यहां एक विशाल पत्थर के खंड को लोकदेवता घास भैरू के रूप में पूजा जाता है। विशेष चौखट में स्थापित कर इस पत्थर को पूरे शहर में परिक्रमा करवाई जाती है। इस बार आयोजन का सबसे खास आकर्षण युवाओं का बाहुबल रहा। वर्षों से बैलों और ट्रैक्टरों के सहारे आगे बढ़ने वाली सवारी को युवाओं ने अपने दमखम से खींचकर गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया। युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

बैलों की ताकत से होता था शक्ति परीक्षण

इस परंपरा का पुराना स्वरूप भी बेहद रोचक रहा है। पहले किसान अपने बैलों को सजाकर उनकी पूजा करते थे। उन्हें चावल और लापसी खिलाकर सवारी में जोता जाता था। बैलों की जोड़ियां बारी-बारी से घास भैरू को खींचती थीं। जो बैलों की जोड़ी पत्थर को खींचने में सफल नहीं होती थी, उसे स्थानीय भाषा में ‘ओत जाना’ कहा जाता था। इस तरह यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ पशुओं की ताकत और सहनशक्ति का परीक्षण भी बन जाता था।

चावल का भोग, सिंदूर और मदिरा की धार

सवारी रवाना होने से पहले चावल का भोग लगाया जाता है। सिंदूर, धूप और पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। लोकपरंपरा के अनुसार मदिरा की धार चढ़ाने की रस्म भी निभाई जाती है। पंच-पटेलों की देखरेख में सभी धार्मिक रस्में संपन्न होती हैं।

आतिशबाजी के बीच पुलिस जाब्ता रहा तैनात

घास भैरू की सवारी के दौरान युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों के साथ माहौल उत्सवमय बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। हालांकि उत्साह के बीच कुछ युवाओं द्वारा पुलिसकर्मियों की ओर पटाखे फेंकने की घटना भी सामने आई, जो सुरक्षा के लिहाज से गंभीर और जोखिमपूर्ण रही।

नगर की सुख-समृद्धि और रक्षा से जुड़ी है मान्यता

स्थानीय लोकमान्यता है कि घास भैरू की नगर परिक्रमा से शहर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। पशु-पक्षियों की रक्षा होती है तथा बीमारियों और प्राकृतिक आपदाओं से नगर की सुरक्षा होती है। यही विश्वास इस परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखे हुए है।

देवउठनी एकादशी तक भरावों की गली में होगी पूजा

इस बार घास भैरू की सवारी का अंतिम पड़ाव चमना बावड़ी के सामने भरावों की गली में रहा। अब देवउठनी एकादशी तक यहां नियमित पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद घास भैरू को वापस रावला घाट स्थित उनके मूल स्थान पर पहुंचाया जाएगा।

परंपरा निभाना ही नहीं, उसकी कहानी जानना भी जरूरी

बैलों से ट्रैक्टर और अब युवाओं के बाहुबल तक पहुंची घास भैरू की यह परंपरा समय के साथ अपने स्वरूप में बदलाव के बावजूद आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवित है। लेकिन एक अहम सवाल भी है कि इस आयोजन में जोश के साथ शामिल होने वाली नई पीढ़ी क्या इसके पीछे छिपे इतिहास, लोकविश्वास और परंपरागत महत्व को भी जानती है? शाहपुरा की इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है कि युवा केवल सवारी का हिस्सा ही न बनें, बल्कि इसकी पूरी कहानी को समझें और आने वाली पीढ़ियों तक भी पहुंचाएं।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!