राकेश अग्रवाल संवाददाता
सवाई माधोपुर = दीपावली के अवसर पर जिला कलक्टर काना राम की ओर से जिला मुख्यालय पर चुनिंदा पत्रकारों के साथ दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। लेकिन इस आयोजन में जिले के अन्य पत्रकारों को आमंत्रित नहीं किए जाने से जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सवाल यह है कि आखिर जिले में सक्रिय अन्य पत्रकारों को इस आयोजन से दूर क्यों रखा गया? क्या प्रशासन की नजर में केवल आमंत्रित किए गए पत्रकार ही जिले की मीडिया का प्रतिनिधित्व करते हैं?
गौरतलब है कि जिले के अनेक पत्रकार लगातार धरातल पर रहकर आमजन की समस्याओं, सरकारी योजनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों और राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाचार पत्रों, न्यूज पोर्टल और न्यूज चैनलों के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इसके बावजूद दीपावली जैसे आपसी सौहार्द और भाईचारे के पर्व पर आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम में कुछ चुनिंदा पत्रकारों को ही आमंत्रित किया जाना अन्य पत्रकारों के बीच उपेक्षा की भावना पैदा कर रहा है।
पत्रकारिता का दायरा किसी एक मीडिया संस्थान या कुछ चुनिंदा चेहरों तक सीमित नहीं है। जिले में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल मीडिया से जुड़े अनेक पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में सभी पत्रकारों को समान सम्मान और सहभागिता का अवसर मिलना चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन लोकतंत्र के चौथे स्तंभ से सहयोग और सकारात्मक सुझावों की अपेक्षा रखता है, तो फिर पत्रकारों के बीच इस तरह का भेदभाव क्यों? सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी भी है कि जिले के सभी सक्रिय पत्रकारों के साथ समन्वय और समान व्यवहार बनाए रखे।
जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को इस मामले में आत्ममंथन करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में किसी भी पत्रकार को उपेक्षित महसूस न हो। दीपावली स्नेह मिलन जैसे आयोजन का उद्देश्य आपसी सौहार्द और संवाद को मजबूत करना होना चाहिए, न कि पत्रकारों के बीच चयन और उपेक्षा को लेकर सवाल खड़े करना।


