जेठानंद कारयानी
हनुमानगढ़ जंक्शन। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर अबोहर रोड स्थित श्री गोशाला सेवा समिति में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 25 क्विंटल पाथी एवं गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकर्षक आकृति तैयार की गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में भगवान गोवर्धन की विधिवत पूजा-अर्चना कर 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान गौमाता का पूजन कर गोसेवा का संदेश भी दिया गया। पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं में अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर पंडित राजेंद्र शास्त्री ने श्रद्धालुओं को गोवर्धन परिक्रमा के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने की लीला का वर्णन करते हुए इस पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला।
आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और गौसेवा का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ आयोजन में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।


