Ad imageAd image

प्रशासनिक हठधर्मिता के चलते नहीं लगेगा गंगापुर का विशाल मेला
बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय के बावजूद मेला आयोजन पर असमंजस, पार्षदों में रोष

Mahesh Puri
4 Min Read

गंगापुर। नगर पालिका गंगापुर द्वारा आयोजित किया जाने वाला पारंपरिक विशाल मेला इस बार भी आयोजित नहीं होने के संकेत हैं। पालिका अध्यक्ष प्रीति लखन काकाणी ने आरोप लगाया कि नगरपालिका प्रशासन की हठधर्मिता एवं राजनीतिक द्वेषता के चलते मेला आयोजन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मेला गंगापुर की पहचान और जनभावनाओं से जुड़ा आयोजन है, जिसे लेकर शहरवासियों में भारी निराशा है।
पार्षद रामप्रसाद माली ने बताया कि पालिका मंडल द्वारा मेला आयोजित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए। नगरपालिका की साधारण बैठक में मेला आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था, इसके बावजूद निर्णय की क्रियान्विति नहीं होना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि बोर्ड का निर्णय केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे धरातल पर लागू करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष रश्मि चौहान ने कहा कि अधिशासी अधिकारी भानु प्रताप सिंह द्वारा मेला आयोजन के संबंध में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय को अधिकारी द्वारा समय पर क्रियान्वित नहीं करना उचित नहीं है। मेला आयोजन की तैयारियां समयबद्ध तरीके से शुरू होनी चाहिए थीं।
पार्षद भोलाराम माली ने कहा कि अधिशासी अधिकारी द्वारा बोर्ड सदस्यों को मेला स्थल एवं चौराहे के संबंध में माननीय न्यायालय के स्थगन आदेश की जानकारी समय पर नहीं देना अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यदि न्यायालय संबंधी कोई बाधा थी तो उसकी जानकारी बोर्ड सदस्यों को समय रहते दी जानी चाहिए थी, ताकि उसका विधिसम्मत समाधान तलाशा जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष शरद पूर्णिमा से करीब एक माह पूर्व मेला आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम, टेंट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित की जाती हैं तथा अन्य तैयारियां भी समय रहते प्रारंभ कर दी जाती हैं। इस बार ऐसी कोई प्रभावी प्रक्रिया समय पर शुरू नहीं होने से यह स्पष्ट होता है कि प्रशासन की ओर से मेला आयोजित करवाने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
पार्षद नवरत्न बेरवा एवं यासमीन पठान ने कहा कि नगर पालिका में कांग्रेस बोर्ड बनने के बाद से राजनीतिक द्वेषता का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशाल मेला किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि गंगापुर एवं आसपास के क्षेत्र की जनभावनाओं से जुड़ा पारंपरिक आयोजन है। सभी पार्षदों और आम जनता की इच्छा है कि मेला आयोजित हो और शहरवासियों को इसका लाभ मिले।
पार्षदों ने कहा कि यदि किसी स्थान, न्यायालयीन आदेश या प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण मेला आयोजन में कोई बाधा है तो प्रशासन को उसका स्पष्ट कारण सार्वजनिक करना चाहिए तथा वैकल्पिक व्यवस्था तलाशकर मेला आयोजित करवाने की दिशा में गंभीर प्रयास करने चाहिए।
जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि बोर्ड की सर्वसम्मत भावना और गंगापुर की जनता की मांग को नजरअंदाज करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मेला आयोजन की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए और गंगापुर की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए विशाल मेले का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!