Ad imageAd image

रणथम्भौर के लाहपुर क्षेत्र में बाघिन T-93 शावक के साथ नजर आई, RTR-I में बाघों की संख्या बढ़कर 63 हुई

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

राकेश अग्रवाल जिला संवाददाता


सवाई माधोपुर = रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के रणथम्भौर-I क्षेत्र के लाहपुर इलाके में बाघिन T-93 अपने एक शावक के साथ विचरण करती हुई नजर आई। बाघिन T-93 का यह तीसरा लिटर (प्रसव) है। इस सुखद दृश्य से रणथम्भौर में बाघों के कुनबे में एक और नई पीढ़ी के जुड़ने के संकेत मिले हैं।

प्रारंभिक रूप से बाघिन के साथ एक शावक दिखाई दिया है, हालांकि शावकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। शावकों की सही संख्या की पुष्टि के लिए वन विभाग द्वारा क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। कैमरा ट्रैप में प्राप्त तस्वीरों के विश्लेषण के बाद ही शावकों की वास्तविक संख्या प्रमाणित की जा सकेगी।

बाघिन एवं उसके शावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। फील्ड स्टाफ को विशेष सतर्कता बरतने तथा बाघिन एवं शावकों के प्राकृतिक विचरण में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

बाघिन T-93 के साथ शावक की उपस्थिति रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में बाघों के प्रजनन एवं संरक्षण के लिहाज से एक सकारात्मक संकेत है। इससे रणथम्भौर टाइगर रिजर्व-I में बाघों की कुल संख्या बढ़कर 63 हो गई है।

रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में बाघ संरक्षण, सतत निगरानी एवं सुरक्षित वन्यजीव प्रबंधन के प्रयास निरंतर जारी हैं।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!