रिपोर्टर -: विजयपाल सिंह राठौड़ (आसींद)
बदनोर। भारत विकास परिषद शाखा बदनोर के तत्वावधान में समाजसेवा की भावना से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए स्वेटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन श्याम सुंदर शर्मा एवं भंवरलाल शर्मा के परिवार की ओर से उनकी माता स्मृति शेष शांताजी शर्मा, धर्मपत्नी स्वर्गीय भंवरलाल शर्मा की पुण्य स्मृति में किया गया।
कार्यक्रम महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल, बदनोर में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय के जरूरतमंद 65 छात्र-छात्राओं को सर्दी के मौसम को देखते हुए स्वेटर वितरित किए गए। स्वेटर पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। आयोजकों ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना ही दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि है।
भारत विकास परिषद शाखा बदनोर के पदाधिकारियों ने बताया कि परिषद द्वारा समय-समय पर सेवा, संस्कार, संपर्क और सहयोग की भावना से विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इसी कड़ी में जरूरतमंद विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर उपलब्ध कराना सेवा का महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार की ओर से इस सेवा कार्य के लिए शर्मा परिवार एवं भारत विकास परिषद शाखा बदनोर का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्वेटर वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में जरूरतमंदों की सहायता और सेवा भावना को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करनी चाहिए, ताकि कोई भी विद्यार्थी आर्थिक अभाव के कारण मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे।


