रिपोर्टर -:राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर। नगर परिषद में ऑटो टीपर ठेकेदारों को पिछले तीन-चार महीने से भुगतान नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब इसका असर देखने को मिला है। करीब पांच दिन से बंद पड़े ऑटो टीपर एक बार फिर सुचारू रूप से चालू हो गए हैं। इसके साथ ही शहर में घर-घर से कचरा उठाने का कार्य भी शुरू हो गया है।
दीपावली का त्योहार नजदीक होने के कारण घरों में साफ-सफाई का दौर जारी है। ऐसे में बड़ी मात्रा में कचरा निकल रहा है। ऑटो टीपर बंद होने से लोगों को कचरा संग्रहण में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ठेकेदारों को तीन-चार महीने से भुगतान नहीं मिलने के मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नगर परिषद ने मामले को संज्ञान में लेते हुए ठेकेदारों को भुगतान करने की बात कही। सामने आया है कि ठेकेदारों को एक-दो दिन में भुगतान किया जा सकता है।
फिलहाल ऑटो टीपर दोबारा शुरू होने से शहरवासियों को राहत मिली है और घर-घर से कचरा उठाने का कार्य फिर से पटरी पर लौटने लगा है।


