शाहपुरा( रिपोर्टर – राजेंद्र खटीक )। शाहपुरा को पुनः जिले का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर जिला बहाल करो संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। जिला समाप्त किए जाने के विरोध में समिति ने 17वां स्मरण पत्र मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी शाहपुरा को सौंपकर सरकार को जिले की बहाली के वादे की याद दिलाई। इस दौरान समिति के नेतृत्व में शांतिपूर्ण नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया गया। वहीं, हर महीने की 28 तारीख को ब्लैक डे मनाकर जिला बहाली की मांग उठाई जा रही है।
संघर्ष समिति के संयोजक रामप्रसाद जाट ने बताया कि 28 दिसंबर 2024 को शाहपुरा का जिला दर्जा समाप्त किए जाने के बाद से ही क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। शाहपुरा को पुनः जिला बनाने की मांग को लेकर संघर्ष समिति लगातार प्रयास कर रही है। समिति का कहना है कि जनता से किए गए वादे के अनुरूप शाहपुरा जिले की बहाली की मांग तब तक जारी रहेगी, जब तक इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता।
समिति अध्यक्ष दुर्गा लाल राजोरा के नेतृत्व में सौंपे गए 17वें स्मरण पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार से शाहपुरा को पुनः जिला बनाने और जिले का दर्जा बहाल करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान समिति के सदस्यों ने शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर दिया समर्थन
संघर्ष समिति के महासचिव एडवोकेट कमलेश मुंडेतिया ने बताया कि अभिभाषक संस्था शाहपुरा के अध्यक्ष आशीष पालीवाल ने जिला बहाली आंदोलन के समर्थन में शाहपुरा के विभिन्न न्यायालयों में लिखित कार्य स्थगन पत्र प्रस्तुत किए। इसके बाद अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार करते हुए कार्य स्थगन रखा। अधिवक्ताओं के इस समर्थन को जिला बहाली की मांग से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आंदोलन में शामिल हुए कई सदस्य
17वां स्मरण पत्र सौंपने के अवसर पर संघर्ष समिति अध्यक्ष दुर्गा लाल राजोरा, महासचिव एडवोकेट कमलेश मुंडेतिया, सह सचिव नूर मोहम्मद उर्फ छोटू रंगरेज, संरक्षक राजेंद्र पांडे, हाजी उस्मान मोहम्मद छिपा, सत्यनारायण पाठक, अजय मेहता, कोषाध्यक्ष सर्व लाल बेरवा, सहकोषाध्यक्ष प्रवीण पारीक, समिति सदस्य नजीर मोहम्मद, सुनील, धनराज जीनगर, अरुण राव, पंकज पाराशर और छोटू रंगरेज सहित कई लोग उपस्थित रहे।
शाहपुरा को पुनः जिला बनाने की मांग को लेकर संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। अब 17वें स्मरण पत्र के जरिए समिति ने एक बार फिर मुख्यमंत्री तक अपनी मांग पहुंचाते हुए जिले की बहाली के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
शाहपुरा जिला बहाली की मांग पर 17वां स्मरण पत्र, हर महीने की 28 तारीख को ब्लैक डे मनाकर जताया विरोध
Leave a comment
Leave a comment


