भीलवाड़ा (चीड़खेड़ा)। पंचायत राज चुनाव को लेकर प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने और चुनावी नियमों की पालना को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदाताओं को मतदान से पहले इन नियमों की जानकारी रखना जरूरी है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन के निर्देशों के अनुसार, मतदान करने पहुंचने वाले प्रत्येक मतदाता को अपने साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना होगा। पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड अथवा अन्य मान्य फोटो पहचान पत्र रखना आवश्यक होगा। पहचान पत्र के अभाव में मतदाता को परेशानी हो सकती है, इसलिए घर से निकलने से पहले अपना पहचान पत्र जरूर जांच लें।
200 मीटर के दायरे में चारपहिया वाहनों पर रोक
मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए बूथ के 200 मीटर के दायरे में चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि, दिव्यांगजन और चलने-फिरने में असमर्थ मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पर जोर दिया जाएगा। जरूरत के अनुसार व्हीलचेयर या अन्य सहायक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था रखी जाएगी।
पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल फोन प्रतिबंधित
मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में मतदाता मतदान के लिए निकलने से पहले मोबाइल फोन घर पर छोड़कर आएं या केंद्र के बाहर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उसे सुरक्षित रखें। इससे मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
प्रशासन की मतदाताओं से अपील
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे सभी निर्धारित नियमों का पालन करें, आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें और मतदान केंद्र पर तैनात कर्मचारियों का सहयोग करें। मतदान के दौरान शांति, अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
पंचायत चुनाव में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। ऐसे में मतदाता नियमों की जानकारी रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करें और शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया में सहयोग दें।
चीड़खेड़ा रिपोर्टर – प्रकाश चंद्र खारोल


