भीलवाड़ा = लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद, भीलवाड़ा की ओर से शहर के शास्त्री नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 155 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने समाज सेवा और मानवता का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर की शुरुआत वर्ष 1995 से 2025 के बीच आदर्श विद्या मंदिर में अध्ययन करने वाले पूर्व छात्रों ने की। पूर्व छात्र परिषद द्वारा लगातार पांचवें वर्ष इस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
पूर्व छात्र परिषद के जिला संयोजक कर्मेश व्यास ने बताया कि परिषद समाज में विभिन्न प्रकार के सेवा कार्यों के माध्यम से अपना योगदान दे रही है। रक्तदान शिविर इसी सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में मदद मिलती है और युवाओं को ऐसे पुनीत कार्यों में आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गोविंद कुमार, पूर्व छात्र परिषद राजस्थान प्रमुख डॉ. सुनील कुमार जांगिड़, प्रबंध समिति अध्यक्ष कैलाश सराफ, विद्या भारती जिलाध्यक्ष हीरालाल टेलर, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण गोड़ तथा चित्तौड़ प्रांत संयोजक आशीष जाजू अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं की सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिससे जरूरत के समय किसी व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सावन दिया और दीक्षित शर्मा ने किया। रक्तदान शिविर के संयोजक नवीन कुमावत तथा सह-संयोजक हिमांशु गेंगट और केशव पत्रिया रहे। आयोजन के सफल संचालन में पूर्व छात्रों एवं सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
155 यूनिट रक्तदान के साथ संपन्न हुआ यह शिविर युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी, संगठन की सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बना।



