भीलवाड़ा। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में करवा चौथ के उल्लास के बीच महिला प्रतिभा, भारतीय संस्कृति और घरेलू उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय करवा चौथ ट्रेड फेयर 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं इंस्पायर्ड जीआर स्टार इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आरसी व्यास कॉलोनी स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी रही।
समारोह का उद्घाटन शहर विधायक अशोक कोठारी, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमाणी, उद्योगपति तिलोक छाबड़ा, माहेश्वरी समाज के राष्ट्रीय महामंत्री राजेंद्र कालिया, यूनेस्को एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली और फैशन आइकन जया चौहान सहित अन्य अतिथियों ने मोलीबंधन खोलकर किया। इस अवसर पर निम्बार्क आश्रम के महंत मोहन शरण जी महाराज का सानिध्य भी प्राप्त हुआ।

महिलाओं के लिए नई पहल: अशोक कोठारी
मुख्य अतिथि विधायक अशोक कोठारी ने ट्रेड फेयर को भीलवाड़ा की महिलाओं और शहरवासियों के लिए एक अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि यूनेस्को शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य और संस्कृति के क्षेत्र में कार्य करने के साथ अब भारतीय परंपराओं और विशेष रूप से महिलाओं के त्योहार करवा चौथ को भी एक विशेष मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए जिला यूनेस्को एसोसिएशन की सराहना की।
समारोह की अध्यक्षता कर रहीं महापौर जसवंत कंवर ने भी महिलाओं के सशक्तीकरण और उनके लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

घरेलू उत्पादों और महिला हुनर को मिला मंच
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने महिलाओं की ओर से सजाई गई आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया और उनके द्वारा तैयार किए गए घरेलू उत्पादों की जानकारी ली। ट्रेड फेयर के माध्यम से महिलाओं को अपनी रचनात्मकता, हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
आयोजन समिति की संयोजक साधना मेलाना ने बताया कि फैशन आइकन जया चौहान के नेतृत्व में करवा चौथ सेलिब्रेशन में भाग ले रही महिलाओं के लिए ग्रूमिंग सेशन की शुरुआत भी की गई। इसके तहत महिलाओं को रैंप वॉक की तैयारी कराई जा रही है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा प्रस्तुत कर सकें।

इस अवसर पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चेतन मानसिंहका, रामचंद्र मूंदड़ा, ओम उज्ज्वल, केदार समदानी, विनोद मेलाना, माली महासभा के जिलाध्यक्ष भैरूलाल माली, जिला महामंत्री सत्यनारायण माली, शंकर लाल गोयल, हरनारायण माली, बाबूलाल टांक और पार्षद दिनेश सुथार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
26 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन
तीन दिवसीय करवा चौथ ट्रेड फेयर 2026 का आयोजन 24 से 26 अक्टूबर तक माहेश्वरी भवन, आरसी व्यास कॉलोनी, भीलवाड़ा में किया जा रहा है। यह आयोजन करवा चौथ की सांस्कृतिक परंपराओं के साथ महिला प्रतिभा, रचनात्मकता और घरेलू उत्पादों को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर सामने आया है।





