Ad imageAd image

वर्दी के पीछे छिपी इंसानियत: वरिष्ठ परिवहन निरीक्षक अनिल तिवारी ने बचाई घायल वृद्ध की जान

रूपाहेली के पास गोवंश से टकराकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिरा था 65 वर्षीय गणपत खाती, समय पर अस्पताल पहुंचाकर पेश की मानवता की मिसाल

Awaaz Rajasthan
3 Min Read

भीलवाड़ा = वर्दी की पहचान केवल कानून और कर्तव्य से नहीं होती, बल्कि उसके पीछे छिपी संवेदनशीलता और इंसानियत भी उसे खास बनाती है। ऐसा ही एक मानवीय उदाहरण भीलवाड़ा-कोटा मांडलगढ़ रोड पर रूपाहेली के पास देखने को मिला, जहां सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक वृद्ध की मदद के लिए वरिष्ठ परिवहन निरीक्षक अनिल तिवारी ने बिना देर किए कदम बढ़ाया और उसे अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ परिवहन निरीक्षक अनिल तिवारी संध्याकाल में वाहनों की चेकिंग कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रूपाहेली के पास एक गोवंश अचानक सड़क पर आ गया। उससे टकराने के कारण दोपहिया वाहन चालक 65 वर्षीय गणपत खाती, निवासी सुवाणा, भीलवाड़ा, दुर्घटनाग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी गंभीर थी कि वृद्ध सड़क किनारे झाड़ियों में लहूलुहान हालत में गिर पड़े। उनके सिर और हाथ पर चोटें आईं तथा खून बह रहा था।

ड्यूटी से लौटते समय निभाया इंसानियत का फर्ज

उसी समय वहां से गुजर रहे वरिष्ठ परिवहन निरीक्षक अनिल तिवारी की नजर घायल वृद्ध पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने एक पल भी गंवाना उचित नहीं समझा। उन्होंने तत्काल घायल गणपत खाती को अपनी सरकारी जीप में बैठाया और नजदीकी सरकारी अस्पताल सुवाणा पहुंचाया।

अस्पताल में मौजूद नर्सिंगकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए परिजनों के साथ उन्हें भीलवाड़ा अस्पताल रेफर किया गया। दुर्घटना में सिर और हाथ से खून बहने के कारण वृद्ध की हालत गंभीर थी, ऐसे में समय पर अस्पताल पहुंचना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ।

वर्दी से बढ़कर इंसानियत

सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर सहायता मिलना उसकी जान बचाने में निर्णायक हो सकता है। वरिष्ठ परिवहन निरीक्षक अनिल तिवारी ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायल वृद्ध की सहायता की, वह मानवीय कर्तव्य का प्रेरणादायक उदाहरण है।

अक्सर वर्दी को अनुशासन, नियम और सरकारी जिम्मेदारियों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन अनिल तिवारी की इस पहल ने यह संदेश दिया कि सच्ची सेवा केवल ड्यूटी निभाने तक सीमित नहीं होती। जरूरत के समय किसी अनजान व्यक्ति की मदद के लिए आगे आना ही इंसानियत का वास्तविक परिचय है।

अनिल तिवारी की यह पहल बताती है कि वर्दी के पीछे भी एक संवेदनशील दिल धड़कता है। कभी-कभी समय पर बढ़ाया गया मदद का एक हाथ किसी परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद बन जाता है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!