सांगोद (कोटा) = पंचायत राज चुनाव को लेकर सांगोद क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसी क्रम में कोटा जिला परिषद वार्ड संख्या 11 से प्रत्याशी विष्णु मालव तथा पंचायत समिति सांगोद वार्ड संख्या 3 से प्रत्याशी रामावतार मेघवाल ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों खेती-किसानी का कार्य जारी है। ऐसे में बड़ी संख्या में ग्रामीण मतदाता खेतों में व्यस्त हैं। इसे देखते हुए दोनों प्रत्याशी गांवों में घर-घर संपर्क के साथ खेतों तक पहुंचकर भी किसानों और ग्रामीण मतदाताओं से मुलाकात कर रहे हैं। वे खेतों में काम कर रहे लोगों से संवाद कर उनका हालचाल जानने के साथ चुनाव में अपने पक्ष में समर्थन देने की अपील कर रहे हैं।
खेत-खलिहानों तक पहुंच रही चुनावी दस्तक
चुनावी माहौल के बीच प्रत्याशियों का खेतों तक पहुंचकर जनसंपर्क करना ग्रामीण क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है। खेती के व्यस्त समय में मतदाताओं से सीधे मिलने की यह पहल जनसंपर्क अभियान का अहम हिस्सा बन रही है। प्रत्याशी अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचकर अपनी बात रखने और उनसे संवाद स्थापित करने में जुटे हैं।
जिला परिषद वार्ड 11 के प्रत्याशी विष्णु मालव और पंचायत समिति सांगोद वार्ड 3 के प्रत्याशी रामावतार मेघवाल का जोर घर-घर संपर्क के साथ खेतों में काम कर रहे मतदाताओं तक पहुंचने पर है। अब चुनावी मुकाबले में उनका यह जनसंपर्क अभियान कितना प्रभावी साबित होता है, इसका फैसला मतदाता अपने मताधिकार के माध्यम से करेंगे।



